स्मार्टफोन चलाते समय अचानक स्क्रीन पर आने वाले फुल-स्क्रीन और पॉप-अप विज्ञापन हर किसी के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। जरूरी काम या वीडियो देखते वक्त बार-बार दिखने वाले ये अनचाहे ऐड्स न सिर्फ आपका ध्यान भटकाते हैं, बल्कि फोन की बैटरी और मोबाइल डेटा की खपत भी तेजी से बढ़ाते हैं।
अच्छी बात यह है कि इन विज्ञापनों से छुटकारा पाने के लिए आपको किसी थर्ड-पार्टी ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। आप अपने एंड्रॉयड फोन की कुछ आसान और सुरक्षित सेटिंग्स में बदलाव करके इन अनचाहे ऐड्स को हमेशा के लिए बंद कर सकते हैं।
फोन पर विज्ञापन क्यों आते हैं?
फोन में विज्ञापन आने के कई कारण हो सकते हैं। ज्यादातर मामलों में इसकी तीन वजह होती हैं। पहली, कुछ ऐप्स मुफ्त होती हैं और उनसे कमाई करने के लिए उनमें विज्ञापन दिखाए जाते हैं। दूसरी, कुछ वेबसाइट ब्राउजर के जरिए बार-बार विज्ञापन और नोटिफिकेशन भेजती हैं। तीसरी, कुछ गलत या अनजान ऐप्स फोन की स्क्रीन पर बार-बार ऐड दिखाने लगती हैं।
अगर विज्ञापन सिर्फ किसी एक ऐप को चलाते समय आते हैं, तो यह सामान्य बात है। लेकिन अगर फोन की होम स्क्रीन या दूसरी ऐप्स चलाते समय भी ऐड दिखाई देते हैं, तो आपको अपने फोन की सेटिंग्स और ऐप्स की जांच करनी चाहिए।
मोबाइल सेटिंग्स में करें बदलाव
अगर आपके फोन में बार-बार अपने आप विज्ञापन खुल रहे हैं, तो सबसे पहले ऐप्स की कुछ सेटिंग्स बदलें। इसके लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें।
1. सबसे पहले अपने फोन की Settings खोलें।
2. अब Apps वाले ऑप्शन पर क्लिक करें।
3. यहां Special App Access का विकल्प खोजें।
4. इसके बाद Display Over Other Apps पर टैप करें।
5. अब आपके सामने उन ऐप्स की लिस्ट आ जाएगी, जिन्हें स्क्रीन पर दूसरी ऐप्स के ऊपर दिखने की अनुमति मिली है।
6. जिस अनजान या संदिग्ध ऐप पर आपको भरोसा नहीं है, उसकी यह अनुमति बंद कर दें।
इस तरह कोई अनजान ऐप आसानी से दूसरी ऐप्स के ऊपर विज्ञापन नहीं दिखा पाएगा। ध्यान रखें कि फोन के मॉडल के हिसाब से सेटिंग्स के नाम थोड़े अलग हो सकते हैं। अगर यह विकल्प नहीं मिलता है, तो Settings के सर्च बॉक्स में Display Over Other Apps लिखकर खोज सकते हैं।
Chrome के पॉप-अप ऐड्स बंद करें
अगर Google Chrome चलाते समय बार-बार विज्ञापन दिखाई देते हैं, तो आप कुछ आसान सेटिंग्स बदलकर इन्हें रोक सकते हैं। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स अपनाएं।
1. सबसे पहले अपने फोन में Google Chrome खोलें।
2. ऊपर दाईं तरफ दिए गए तीन डॉट पर क्लिक करें।
3. अब Settings में जाकर Site Settings पर टैप करें।
4. यहां Pop-ups and Redirects का विकल्प खोलें और इसे बंद कर दें।
5. अब वापस आकर Intrusive Ads का विकल्प खोलें और इसे भी ब्लॉक कर दें।
6. इसके बाद Notifications में जाएं और जिन अनजान वेबसाइटों से बार-बार नोटिफिकेशन आते हैं, उनकी अनुमति बंद कर दें।
इन सेटिंग्स को बदलने के बाद Chrome में आने वाले कई अनचाहे पॉप-अप विज्ञापनों और नोटिफिकेशन से छुटकारा मिल सकता है।
फालतू ऐप्स को करें डिलीट
कई बार फोन में मौजूद कुछ ऐप्स की वजह से बार-बार विज्ञापन आने लगते हैं। इसलिए अपने फोन में इंस्टॉल सभी ऐप्स को एक बार जरूर चेक करें। जो ऐप आपके काम की नहीं है या जिसे आपने खुद डाउनलोड नहीं किया है, उसे हटा दें। खासकर अनजान क्लीनर, फ्लैशलाइट और बैटरी सेवर ऐप्स पर ध्यान दें। ऐप हटाने के लिए ये स्टेप्स अपनाएं
1. सबसे पहले फोन की Settings खोलें।
2. अब Apps के विकल्प पर जाएं।
3. यहां आपको फोन में मौजूद सभी ऐप्स दिखाई देंग।
4. जिस ऐप को हटाना चाहते हैं, उस पर टैप करें।
5. अब Uninstall पर क्लिक करें।
6. इसके बाद दोबारा पूछे जाने पर OK दबा दें।
इस तरह आप अनजान और बेकार ऐप्स को फोन से हटा सकते हैं। इससे अनचाहे विज्ञापनों की समस्या दूर हो सकती है।
Google Ads की सेटिंग बदलें
अगर आप चाहते हैं कि Google आपकी पसंद के हिसाब से विज्ञापन न दिखाए, तो इसके लिए फोन में कुछ बदलाव कर सकते हैं। इससे आपकी पसंद के आधार पर दिखने वाले विज्ञापन कम हो सकते हैं। हालांकि, इससे फोन में आने वाले सभी विज्ञापन बंद नहीं होंगे। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें
1. सबसे पहले अपने फोन की Settings खोलें।
2. अब नीचे जाकर Google के विकल्प पर क्लिक करें।
3. यहां All Services में जाएं।
4. अब Ads के विकल्प को खोजकर खोलें।
5. अगर Ads Personalization बंद करने का विकल्प मिलता है, तो उसे बंद कर दें।
6. अगर Delete Advertising ID का विकल्प दिखाई देता है, तो उसे भी चुन सकते हैं।
इन सेटिंग्स को बदलने से आपकी पसंद के आधार पर विज्ञापन दिखाने की प्रक्रिया सीमित हो सकती है। ध्यान रखें कि फोन के मॉडल और Android वर्जन के अनुसार इन विकल्पों के नाम अलग हो सकते हैं।
Play Protect से करें स्कैन
Google Play Protect एक ऐसा फीचर है, जो आपके फोन में मौजूद ऐप्स की जांच करता है। इसकी मदद से आप पता लगा सकते हैं कि फोन में कोई नुकसान पहुंचाने वाला ऐप तो मौजूद नहीं है। इसे इस्तेमाल करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स अपनाएं।
1. सबसे पहले अपने फोन में Google Play Store खोलें।
2. ऊपर दाईं तरफ अपनी Profile Photo पर क्लिक करें।
3. अब लिस्ट में दिए गए Play Protect विकल्प को चुनें।
4. इसके बाद Scan बटन पर टैप करें।
5. अब फोन में मौजूद ऐप्स की जांच शुरू हो जाएगी।
6. अगर कोई खतरनाक ऐप मिलती है, तो उसे हटाने के लिए दिए गए निर्देशों का पालन करें।
ध्यान रखें कि Scan Apps With Play Protect का विकल्प हमेशा चालू रखें। इससे फोन में मौजूद ऐप्स की सुरक्षा जांच होती रहेगी।
फिर भी ऐड आएं तो क्या करें?
अगर ऊपर बताए गए सभी तरीके अपनाने के बाद भी आपके फोन में बार-बार विज्ञापन आ रहे हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप कुछ और आसान तरीके आजमा सकते हैं।
1. जब भी फोन में ऐड आए, तुरंत Recent Apps बटन दबाएं। इससे पता चल सकता है कि विज्ञापन किस ऐप की वजह से आ रहा है।
2. अब फोन को Safe Mode में चालू करके देखें। इसके लिए पावर बटन दबाएं और स्क्रीन पर Power Off आने पर उसे कुछ देर दबाकर रखें। इसके बाद Safe Mode का विकल्प चुनें।
3. अगर Safe Mode में विज्ञापन नहीं आते हैं, तो समझ जाएं कि फोन में इंस्टॉल किसी ऐप की वजह से यह परेशानी हो सकती है।
4. अब Chrome की सेटिंग्स में जाकर Privacy and Security के विकल्प से ब्राउजिंग डेटा साफ करें।
5. अगर फिर भी समस्या ठीक नहीं होती है, तो फोन का जरूरी डेटा सुरक्षित रखकर Factory Reset कर सकते हैं।
ध्यान रखें, Factory Reset करने से फोन का डेटा मिट सकता है, इसलिए ऐसा करने से पहले जरूरी फाइलों और फोटो का बैकअप जरूर लें।
फोन को सुरक्षित रखने के टिप्स
• हमेशा ऐप्स को Google Play Store से ही डाउनलोड करें।
• कोई भी ऐप डाउनलोड करने से पहले उसके रिव्यू और डाउनलोड की संख्या जरूर देखें।
• ऐप इंस्टॉल करते समय वह कौन-कौन सी परमिशन मांग रही है, इसे ध्यान से पढ़ें।
• स्क्रीन पर अचानक दिखने वाले "फोन में वायरस है" जैसे मैसेज पर क्लिक न करें।
• अपने फोन को समय-समय पर अपडेट करते रहें, ताकि वह सुरक्षित रहे।
फोन में बार-बार आने वाले विज्ञापनों को बंद करने के लिए आपको किसी खास ऐप की जरूरत नहीं है। बस फोन की कुछ सेटिंग्स बदलनी होंगी, Chrome में पॉप-अप बंद करने होंगे और बेकार ऐप्स को हटाना होगा। साथ ही Play Protect से फोन की जांच भी करते रहें। इन आसान तरीकों को अपनाकर आप काफी हद तक अनचाहे विज्ञापनों से छुटकारा पा सकते हैं। इसलिए आज ही कुछ मिनट निकालकर अपने फोन की सेटिंग्स जरूर चेक करें।






