कभी आपके पास ऐसा फोन आया है, जिसमें कोई खुद को पुलिस, बैंक या कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर डराने लगे? कभी KYC अपडेट करने के नाम पर तो कभी डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठग लोगों से पैसे और OTP मांगते हैं। उनकी चाल यही होती है कि आप घबराकर बिना सोचे-समझे उनकी बात मान लें।
Google का Scam Detection फीचर क्या है?
यह Google के Phone ऐप में मिलने वाला एक सुरक्षा फीचर है। यह AI की मदद से फोन पर होने वाली बातचीत को समझता है। अगर अनजान नंबर से बात करते समय उसे ठगी का शक होता है, तो यह आपको तुरंत अलर्ट कर देता है।
यानी यह फीचर आपके लिए फैसला नहीं लेता, बल्कि समय रहते सावधान करता है, ताकि आप ठगों के झांसे में न आएं।
यह फर्जी कॉल्स को कैसे पहचानता है?
रियल-टाइम AI ऑडियो एनालिसिस
कॉल के दौरान AI बातचीत को समझता है। अगर कोई अचानक पैसे, OTP या बैंक की जानकारी मांगे या पुलिस बनकर डराए, तो यह ठगी का संकेत हो सकता है। यह फीचर केवल अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर काम करता है। सेव किए गए नंबरों पर नहीं।
स्क्रीन पर अलर्ट, आवाज और वाइब्रेशन
अगर फोन को बातचीत में ठगी का शक होता है, तो वह आपको अलर्ट करता है। इसके साथ आवाज और वाइब्रेशन भी हो सकते हैं। कॉल के दौरान बीप की आवाज भी सुनाई देती है, ताकि दोनों लोगों को पता चले कि यह फीचर चालू है।
कॉल काटने का फैसला आपके हाथ में
चेतावनी मिलने पर कॉल काटना है या बात जारी रखनी है, यह आप तय करते हैं। आप चाहें तो उस नंबर को ब्लॉक भी कर सकते हैं। सबसे अच्छा है कि शक होने पर कॉल काट दें और अपनी बैंक डिटेल या OTP किसी को न बताएं।
क्या Google हमारी प्राइवेट बातें सुनेगा?
यह सवाल कई लोगों के मन में आता है। Google के मुताबिक, इस फीचर की जांच फोन के अंदर ही होती है। कॉल की रिकॉर्डिंग नहीं होती और आपकी बातचीत Google के सर्वर पर नहीं भेजी जाती।
लेकिन यह फीचर हर बार सही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कभी यह सही कॉल को भी गलत समझ सकता है, तो कभी ठगी वाली कॉल को पहचान नहीं पाता। इसलिए इसके अलर्ट को सिर्फ एक चेतावनी समझें, पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं।
अपने फोन में Scam Detection कैसे ऑन करें?
1. अपने फोन में Play Store खोलें और Phone by Google ऐप को सर्च करके अपडेट करें।
2. अब Phone ऐप खोलें। ऊपर बाईं ओर तीन लाइन पर टैप करें।
3. उसके बाद Settings का विकल्प चुनें।
4. अब Scam Detection के विकल्प पर टैप करें।
5. इसके बाद Scam Detection के ऑप्शन को ऑन कर दें। अब फीचर संदिग्ध कॉल के दौरान आपको अलर्ट कर सकेगा।
किन फोन्स में मिलेगा यह फीचर?
भारत में Google का यह फीचर सबसे पहले Pixel 9 और उसके बाद के चुनिंदा Pixel फोन में दिया गया है। Google ने इसे Samsung Galaxy S26 सीरीज में भी लाने का ऐलान किया है। इन फोन में यह Samsung के अपने Phone ऐप में मिलेगा।
बाकी Android फोन में यह फीचर कब आएगा, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। vivo और Xiaomi के फोन में इसे लाने की चर्चा जरूर है, लेकिन कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Google का Scam Detection फीचर ठगी को पूरी तरह नहीं रोक सकता, लेकिन समय पर चेतावनी देकर आपको बड़े नुकसान से बचाने में मदद कर सकता है। याद रखें, कोई भी सरकारी अधिकारी फोन पर गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे नहीं मांगता। अगर आपको ठगी का शक हो, तो कॉल काट दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।



